रायबरेली: महराजगंज में अवैध टैक्सी स्टैंड का कब्जा, सड़क पर लग रहा भीषण जाम
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
सरकारी टैक्सी स्टैंड के बावजूद चंदापुर चौराहे पर सड़क किनारे खड़े हो रहे वाहन, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
रायबरेली। महराजगंज कस्बे के चंदापुर चौराहे पर अवैध टैक्सी स्टैंड के संचालन से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क की पटरियों पर टैक्सी वाहनों के खड़े होने से आए दिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों के साथ-साथ एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी जाम में फंसने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि चंदापुर चौराहे के पास ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्थित है, इसके बावजूद यहां यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कोई प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहा है। सड़क पर टैक्सियों की बेतरतीब पार्किंग के चलते मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, नगर पंचायत पूरे सुखई के मेला मैदान में टैक्सी स्टैंड के लिए लाखों रुपये का ठेका उठाए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद टैक्सी वाहन निर्धारित स्टैंड पर खड़े होने के बजाय चंदापुर चौराहे की सड़क की पटरियों पर कब्जा जमाए हुए हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब नगर पंचायत की ओर से सरकारी टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था और ठेके की प्रक्रिया मौजूद है, तो फिर सड़क पर अवैध पार्किंग क्यों हो रही है? क्या संबंधित विभागों को इस समस्या की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या से उन्हें रोजाना जूझना पड़ता है। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत और यातायात पुलिस इस अव्यवस्था पर कब कार्रवाई करती है और चंदापुर चौराहे को जाम से कब राहत मिलती है।

rexpress 