सीएसआर के तहत एनटीपीसी ऊँचाहार द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों से 1,200 विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को मिला लाभ

सीएसआर के तहत एनटीपीसी ऊँचाहार द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों से 1,200 विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को मिला लाभ

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

 

एनटीपीसी ऊँचाहार द्वारा अपनी नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहलों के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 में लगभग 1,200 स्थानीय विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के नेत्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर 27 अक्टूबर, 28 अक्टूबर एवं 3 नवंबर 2026 को आयोजित किए गए। इसके उपरांत 13, 14 एवं 16 नवंबर 2026 को चिन्हित लाभार्थियों के लिए निःशुल्क चश्मा वितरण अभियान चलाया गया।

इस पहल के अंतर्गत हरनारायण इंटर कॉलेज, ऊँचाहार एवं जवाहर इंटर कॉलेज, अरखा में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, आसपास की 15 ग्राम पंचायतों के वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भी विशेष नेत्र जांच शिविर आयोजित किए गए।

जीवन ज्योति अस्पताल, एनटीपीसी ऊँचाहार के सहयोग से आयोजित इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लाभार्थियों की निःशुल्क नेत्र जांच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस पहल को क्षेत्रवासियों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला और सभी शिविरों में कुल 1,183 लोगों ने पंजीकरण कराया।

विस्तृत नेत्र परीक्षण के उपरांत विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 951 लाभार्थियों को दृष्टि सुधार के लिए पावर चश्मे की आवश्यकता पाई गई। इसके तहत एनटीपीसी ऊँचाहार द्वारा सभी चिन्हित लाभार्थियों को निःशुल्क पावर चश्मे वितरित किए गए, ताकि उन्हें बेहतर दृष्टि सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

एनटीपीसी ऊँचाहार अपनी नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच बढ़ाने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहलें स्थानीय समुदाय के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।