रायबरेली-डलमऊ मेले में ABVP की अनूठी पहल, श्रद्धालुओं को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-डलमऊ नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा के भव्य मेले एवं 'डलमऊ महोत्सव' के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के आयाम 'सेवार्थ विद्यार्थी' (SFS) के तत्वावधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
मेले में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगाए गए इस शिविर में चिकित्सकों की टीम द्वारा प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ मेले में आए बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता की।
इस अवसर पर संगठन मंत्री देवाशीष ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों तक सीमित न रहकर 'सेवार्थ विद्यार्थी' के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाती है। नर सेवा ही नारायण सेवा के मंत्र को आत्मसात करते हुए यह शिविर लगाया गया है।"
चिकित्सा शिविर का सफल संचालन जिला संयोजक कुँवर अभय सिंह एवं पूर्व जिला संयोजक सुभाष साहू के नेतृत्व में किया गया। शिविर को सफल बनाने में प्रमुख रूप से कार्यकर्ता नैंसी यादव, अंकित, सनी, सुमित और अजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उपस्थित रहकर अपनी सक्रिय भूमिका निभाई और व्यवस्थाओं का संचालन किया। स्थानीय प्रशासन एवं श्रद्धालुओं ने विद्यार्थी परिषद के इस जनसेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

rexpress 