रायबरेली-विद्युत फाल्ट पर मंत्री की सख्ती, लापरवाह अफसरों को चेतावनी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
लोकल फाल्ट तत्काल दुरुस्त कर बहाल कराएं बिजली आपूर्ति : मनोज कुमार पाण्डेय
रायबरेली- प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पाण्डेय ने विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं और लोकल फाल्ट को समय से ठीक न किए जाने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दिन हो या रात, फाल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल उसे ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि ऊंचाहार क्षेत्र के कई विद्युत केंद्रों से शिकायतें मिल रही हैं कि छोटी-मोटी फाल्ट के कारण बाधित विद्युत आपूर्ति को ठीक करने में अनावश्यक देरी की जा रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसानों का कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकल फाल्ट को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराया जाए और विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखा जाए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह फीडरवार विद्युत आपूर्ति और संबंधित फीडरों से की जा रही विद्युत सप्लाई की रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उदासीन एवं लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता ऊंचाहार एवं डलमऊ सहित विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा ब्लॉक प्रभारी पुतानी महाराज प्रभारी डलमऊ, आशीष तिवारी प्रभारी ऊंचाहार, अभिलाष चन्द्र कौशल, शिवपूजन प्रभारी रोहनियां, अशोक मिश्रा प्रभारी गौरा, रमेश मिश्रा, पंकज सिंह एवं शिवनरायन सिंह प्रभारी जगतपुर समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

rexpress 