रायबरेली-आखिर कौन है महराजगंज का वन दरोगा जिस पर अभद्रता व रुपये मांगने का लगा आरोप,सीओ से शिकायत
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गोंदहिया मजरे खैरा निवासी संजय सोनकर ने वन विभाग के दरोगा दिनेश गुप्ता के खिलाफ अभद्रता, मारपीट और रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार को प्रार्थना पत्र दिया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
संजय सोनकर के अनुसार, 5 अक्टूबर को वह एक किसान से अपने उपयोग के लिए खरीदे गए दो सूखे आम के पेड़ काट रहा था। इसी दौरान वन विभाग के दरोगा मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई।
शिकायत में बताया गया है कि इसके बाद उसे रायबरेली स्थित वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया, जहां उसे दोपहर करीब 12 बजे से शाम पांच बजे तक बैठाए रखा गया। संजय सोनकर ने आरोप लगाया कि उसे छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपये मांगे गए। रुपये नहीं देने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की बात कहे जाने का भी उसने आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने घटना के संबंध में रमेश कुमार उर्फ टिंकू, दुर्गेश कुमार उर्फ गोलू समेत कुछ अन्य लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया है।
क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 