रायबरेली-डलमऊ की सियासत में शुभम गौड़ का तीखा प्रहार, विरोधियों को दो टूक जवाब—‘कर्म करते रहेंगे, जनता खुद देगी जवाब’

रायबरेली-डलमऊ की सियासत में शुभम गौड़ का तीखा प्रहार, विरोधियों को दो टूक जवाब—‘कर्म करते रहेंगे, जनता खुद देगी जवाब’

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


डलमऊ की सियासत में सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाया माहौल, शुभम गौड़ ने विरोधियों पर साधा निशाना

कहा– हमारा रिश्ता चुनाव और वोट तक सीमित नहीं, पीढ़ियों से डलमऊ की जनता से जुड़ा है; जनसेवा का सिलसिला अंतकाल तक रहेगा जारी

रायबरेली-डलमऊ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शुभम गौड़ की सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने स्थानीय राजनीति में हलचल तेज कर दी है। पोस्ट के जरिए उन्होंने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए अभद्र भाषा, व्यक्तिगत टिप्पणियों और विकास कार्यों में अनावश्यक विरोध करने वालों पर निशाना साधा है।
शुभम गौड़ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके परिवार के संस्कार उन्हें किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ गलत टिप्पणी करने की इजाजत नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विरोध की भाषा में मर्यादा भूलकर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे लोगों की भाषा उनके विचारों और मानसिकता को दर्शाती है।
उन्होंने अपने पिता की सीख का जिक्र करते हुए कहा कि हमेशा कर्म करते रहना चाहिए और हर बात का जवाब देने की जरूरत नहीं है। डलमऊ की सम्मानित जनता का आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ा जवाब है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर भी शुभम गौड़ ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात प्रयास किए जाते हैं। वहीं, मेला व्यवस्थाओं और घाटों तक श्रद्धालुओं के पहुंचने में आने वाली बाधाओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बजाय नगर पंचायत अध्यक्ष को निशाना बनाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
शुभम गौड़ ने कहा कि डलमऊ की जनता से उनका रिश्ता चुनाव और वोट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पीढ़ियों से चला आ रहा अपनेपन का संबंध है। उन्होंने कुछ लोगों पर व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए ईमानदारी का दिखावा करने और जनहित के कार्यों में भी कमियां निकालकर विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया।
पोस्ट के अंत में उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनका परिवार हमेशा जनसेवा के लिए समर्पित रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका जनसेवा का सिलसिला जीवन के अंतिम समय तक जारी रहेगा।
शुभम गौड़ की इस पोस्ट के बाद डलमऊ की स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, पोस्ट में निशाना बनाए गए लोगों के नाम स्पष्ट नहीं किए गए हैं।